बरेली। मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को आईवीआरआई में मिलेट्स महोत्सव एवं प्रदर्शनी आयोजित की गई। इसमें 500 किसान शामिल हुए। श्रीअन्न के व्यंजन प्रस्तुत किए गए।
कृषि उपनिदेशक ओपी मिश्र ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल गंगवार और जिला पंचायत प्रशासक रश्मि पटेल समेत अन्य अतिथियों ने किया। पर्यावरणविद् डॉ. भुवनेश्वर नाथ पांडेय ने मोटे अनाज को कम पानी वाले इलाकों के लिए खेती का बेहतर विकल्प बताया।
सांसद छत्रपाल गंगवार ने श्रीअन्न से बने व्यंजनों को दैनिक खानपान में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने किसानों से मोटे अनाज की खेती अपनाने की अपील की। कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्सय और सहकारिता विभाग की ओर से लगाए गए स्टॉल्स पर किसानों को योजनाओं की जानकारी दी गई।
मिलेट्स रेसिपी प्रतियोगिता में विभिन्न शिक्षण संस्थानों, स्वयं सहायता समूहों और किसान उत्पादक संगठनों ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने बाजरे की खिचड़ी, लड्डू, सावां की खीर, कोदो का पुलाव, रागी का हलवा, ज्वार की कचौड़ी आदि व्यंजन प्रस्तुत किए। विजेता टीमों को पुरस्कार और प्रतिभागियों को प्रशस्तिपत्र दिए गए।