फरीदपुर। एसडीएम ने शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय नौगवां का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में जलापूर्ति और स्वच्छता से जुड़ी खामियां मिलीं। उन्होंने व्यवस्थाओं को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
एसडीएम के मुताबिक, निरीक्षण में कुल 170 पंजीकृत छात्र-छात्राओं में से केवल 89 उपस्थित मिले। आठ शिक्षकों में से सात उपस्थित थे, एक शिक्षिका मातृत्व अवकाश पर थीं। विद्यार्थियों से बातचीत कर पठन-पाठन का स्तर परखा। उन्होंने शिक्षकों को पाठन और उपस्थिति बेहतर करने की हिदायत दी। मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और वितरण व्यवस्था का भी बारीकी से जांच की।
शौचालय और आंगनबाड़ी में मिली खामियां
विद्यालय के शौचालय बंद थे। खोलने पर गंदगी से पटे मिले। इसपर स्टाफ ने सफाई कर्मचारी के नियमित न आने की शिकायत की। हाथ धोने की इकाई पर टोटियां लगी थीं, लेकिन उनमें पानी की आपूर्ति बंद थी, जिसे तुरंत ठीक कराने का निर्देश दिया गया। विद्यालय परिसर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता अनुपस्थित मिलीं।
एसडीएम फरीदपुर विदुषी सिंह ने बताया कि बच्चों की मूलभूत सुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शौचालयों की सफाई कराने और लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अनुपस्थित कार्यकर्ता पर भी कार्रवाई की जाएगी।