बरेली। राजेंद्रनगर डी ब्लॉक में सीवर लाइन चोक होने से गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। बदबू की वजह से स्थानीय निवासियों और वहां से गुजरने वाले राहगीरों का जीना मुहाल हो गया है। शहर का पॉश इलाका होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं।
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि इलाके की मुख्य सीवर लाइन चोक होने के कारण न सिर्फ गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, बल्कि अब यह नलों, शौचालयों और नालियों के रास्ते वापस घरों में घुस रहा है। इससे लोगों का अपने ही घरों में बैठना दूभर हो गया है। बदबू और गंदगी की वजह से इलाके में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने क्षेत्रीय पार्षद शशि सक्सेना को कई बार समस्या बताई। पार्षद ने नगर निगम में बार-बार शिकायत दर्ज करा चुकी हैं। इसके बावजूद नगर निगम के स्वास्थ्य और जलकल विभाग की नींद नहीं टूट रही है। स्थानीय जनता ने चोक सीवर लाइन को तत्काल आधुनिक मशीनों से साफ कराने की मांग की है।