बरेली। भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर निशांत पटेल स्पोर्ट्स हब में सांसद खेल महोत्सव के तहत खेली जा रही क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को दो मुकाबले खेले गए। इसमें दिलप्रीत की 67 रनों की पारी की बदौलत पॉलीकैब ने छह विकेटों से जीत दर्ज कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की।
पहले मुकाबले में पॉलीकैब ने गंगाशील क्रिकेट अकादमी को छह विकेटों से मात दी। इसमें टॉस जीतकर गंगाशील ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट खोकर 134 रन बनाएं। अंश ने 38 गेंदों में दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 41 रन बनाए। शिवा ने 20 रनों का योगदान दिया। पॉलीकैब की ओर से यश और कैफ ने दो-दो विकेट झटके।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी पॉलीकैब ने 18 ओवरों में चार विकेट खोकर, 135 रनों के लक्ष्य को पूरा कर लिया। दिलप्रीत सिंह ने 48 गेंदों में चार चौके और पांच छक्के की मदद से 67 रन बनाए। गितांश ने 28 रन बनाए। गंगाशील क्रिकेट अकादमी की ओर से संजीव, लक्ष्य, अंश और शिवांश ने एक-एक विकेट लिया। शानदार बल्लेबाजी के लिए दिलप्रीत सिंह को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
दूसरे मुकाबले का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख स्नेह लता गंगवार ने किया। जिला पंचायत सदस्य किरण पटेल, वरिष्ठ महिला पदाधिकारी एवं डॉ. आदेश गंगवार मौजूद रहे। इस दौरान दिन के दूसरे मुकाबले में फरीदपुर स्टार्स ने बुल्स बरेली को सात विकेटों से मात दी। इसमें टॉस जीतकर बुल्स बरेली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट होकर 150 रन बनाए। अशोक सहरावत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों में 89 रनों की शानदार पारी खेली। फरीदपुर स्टार्स के लिए टैनी ने तीन विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करते हुए फरीदपुर स्टार्स ने लक्ष्य को 14.2 ओवर में तीन विकेट खोकर प्राप्त कर लिया। अजय कुमार ने 25 गेंदों में नाबाद 44 रनों की पारी खेली। वहीं रविंद्र ने भी नाबाद 31 रनों का योगदान दिया। तीन विकेट झटकने के लिए टैनी को मैन ऑफ द मैच दिया गया। कार्यक्रम के आयोजक मैनेजिंग ट्रस्टी अनुष्का ट्रस्ट राकेश कुमार उपस्थित रहे। मैच की अंपायरिंग जितेंदर और अब्दुल जिशान ने की।