नवाबगंज। एक किसान के मकान को जाने वाले निजी रास्ते को जेसीबी से खोदना दबंग को महंगा पड़ गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले में शुक्रवार को कोतवाल राजकुमार शर्मा व तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह, कानूनगो और लेखपाल जांच करने पहुंचे। जल्द ही टीम एसडीएम को जांच रिपोर्ट दे देगी।
थाना क्षेत्र के गांव सतुइया कला निवासी सुखप्रीत ने बताया कि उनकी जमीन में उनका निजी रास्ता है, जो उनके घर तक जाता है। आरोप है कि दिलबाग, गुरुमुख सिंह, जोगेंद्र सिंह और उनके तीन से चार अज्ञात साथी तलवार, तमंचे व लाठी के साथ निजी रास्ते को जेसीबी से उखाड़कर गड्ढा कर दिया, जब सुखप्रीत ने विरोध किया तो उन्हें गाली देकर जान से मारने की धमकी दी गई।
आरोप है कि रास्ते में पड़ी पानी की निजी पाइपलाइन उखाड़ दी। रास्ते से गुजर रही सरकारी पानी की टंकी का पाइप भी तोड़ दिया। किसान ने घटना का वीडियो अधिकारियों को सौंपी है। संवाद