कहा- दिल्ली दंगे के आरोपी के बरेली आने की खबरें गलत
बरेली। डीआईजी राजेश पांडेय ने एक बार फिर साफ किया है कि दिल्ली दंगे में फायरिंग और पुलिस कर्मी पर पिस्टल तानने का आरोपी शाहरुख बरेली नहीं आया था। उन्होंने कहा कि उनके हवाले से फैलाई जा रही यह खबर गलत है कि शाहरुख बरेली आया था। अगर बरेली में उसने कहीं भी शरण ली होती तो वह उसकी मदद करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जरूर करते।
दिल्ली दंगे में दीवान पर पिस्टल तानने का आरोपी पिछले दिनों शामली में पकड़ा गया था। डीआईजी ने कहा कि शाहरुख ने भागने के बाद शामली में ही रहने की बात कबूली है और दिल्ली पुलिस ने उसके मददगार को शामली से गिरफ्तार किया है। लिहाजा यह अफवाह ही है कि शाहरुख दिल्ली से भागकर मीरगंज में अपनी मौसी के घर आया था और यहां कई दिन तक रुका था। उन्होंने मीरगंज पुलिस से इस मामले में हर पहलू पर जांच भी करा ली है। शाहरुख के मौसा बब्बू के पड़ोसियों और मोहल्ले के लोगों से भी पूछताछ करने के साथ सीसीटीवी कैमरे तक चेक किए गए हैं। इससे पुष्टि हुई कि शाहरुख यहां आया ही नहीं था। डीआईजी ने कहा कि उन्होंने शाहरुख के बरेली आने या ठहरने की कोई बात नहीं कही है। शाहरुख बरेली आया ही नहीं, मीरगंज में भी उसके ठहरने का कोई प्रमाण नहीं मिला। ब्यूरो