शाहजहांपुर में नवरात्र के चौथे दिन मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। धार्मिक उल्लास से शहर का माहौल भक्तिमय बना रहा।
शाहजहांपुर। नवरात्र के चौथे दिन मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप की वैदिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों में सुबह से लेकर देर शाम तक देवी भक्तों की भीड़ रही। घरों में मां का पूजन और दुर्गा सप्तशती का पाठ किया गया। भक्तों ने मंदिरों में मत्था टेक मां से मनोकामना सिद्ध करने की प्रार्थना की।
विज्ञापन
बाबा विश्वनाथ मंदिर, संकट मोचन मंदिर, बाबा बनखंडीनाथ मंदिर, फूलमति मंदिर, दुर्गा देवी मंदिर में सुबह-शाम भक्तों का तांता लगा रहा। भोर की आरती के बाद मंदिरों के पट खुलते ही माता के जयकारे से परिसर गूंज उठा। भक्तों ने मां दुर्गा की प्रतिमा का श्रद्धापूर्वक पूजन-अर्चन किया। मातारानी के दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों के आसपास पूजन सामग्री बेचने वालों की दुकानें सुबह से ही सज गईं थीं। दुकानों से श्रद्धालुओं ने नारियल, चुनरी, धूप, अगरबत्ती, फल, फूल सहित अन्य सामग्री खरीद पूजा-अर्चना की। पुलिस चौकी उस्मान बाग स्थित श्री रुद्र बाला जी धाम महिला मंगल संकीर्तन मंडल ने भजनों की स्तुति दी। मिथलेश ने प्यारा सजा है तेरा दरबार भवानी भजन सुनाकर भक्तों को भावविभोर कर दिया। इसके अलावा अंकिता, पल्लवी, शांति, अलका अरोड़ा, रीमा, आदि ने माता रानी के भजन सुनाए। पंडित डॉ. कान्हा कृष्ण शुक्ल ने आरती कर भक्तों में प्रसाद बांटा।