- सोमवती अमावस्या पर महिलाओं ने व्रत रखकर की पीपल की परिक्रमा
बरेली। सोमवती अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने रामगंगा नदी में पुण्य की डुबकी लगाई। पितरों को तर्पण और दान भी किया। भोर से शुरू हुआ सिलसिला दोपहर बाद तक जारी रहा। कुछ लोगों ने रामगंगा तट पर ही भगवान सत्यनारायण की कथा सुनी। महिलाओं ने सोमवती अमावस्या का व्रत भी किया। धर्म शास्त्रों के अनुसार इस दिन पीपल के वृक्ष की परिक्रमा का भी विशेष महत्व है। माना जाता है कि इससे ब्रह्मा, विष्णु और महेश की कृपा प्राप्त होती है। इसीलिए महिलाओं ने व्रत रखकर पीपल के वृक्ष पर कच्चा सूत लपेटकर परिक्रमा की और परिवार में सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
शीतला माता मंदिर में हुआ भंडारा
सनातन धर्म सेवा समिति की ओर से रामपुर गार्डन स्थित शीतला माता मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे से पहले भजन-कीर्तन और हनुमान स्तुति की गई। इसमें संघ के विभाग प्रचारक कृष्ण कुमार व कैंट विधायक संजीव अग्रवाल की उपस्थिति रही। इस दौरान समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, प्रमोद मित्तल, सुभाष अग्रवाल, हर्ष अग्रवाल उपस्थित रहे। राजेश गुप्ता पप्पू भाई, सुनील अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, सुरेंद्र अग्रवाल, अनिल मुनि, राज गोपाल खट्टर आदि का भंडारे में विशेष सहयोग रहा। संवाद