भगवान जगन्नाथ की यात्रा में शामिल भक्त।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
रथ यात्रा में अमेरिका और यूक्रेन के श्रद्धालु हुए शामिल
बरेली। विभिन्न मार्गों से निकली भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा का लोगों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। रथयात्रा को श्रद्धालुओं ने बड़े ही श्रद्धा भाव से खींचा। श्रद्धालुओं का जोश देखते ही बन रहा था। रथ पर भगवान जगन्नाथ, बलदेव और माता सुभद्रा के स्वरूप विराजमान थे। रथ यात्रा में अमेरिका और यूक्रेन के भी श्रद्धालु शामिल हुए।
आनंद आश्रम में भजन कीर्तन करने के बाद शुरू हुई रथ यात्रा में इस्कॉन भक्त शामिल हुए। श्रीकृष्ण भजनों पर श्रद्धालु कीर्तन करते हुए भगवान का नाम जप रहे थे। सभी लोगों की जुबां पर हरे रामा, हरे कृष्णा का जप था। रथ यात्रा में अमेरिका, यूक्रेन आए श्रद्धालुओं ने भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण का नाम जपा तो पूरा शहर झंकृत हो गया। इसके अलावा वृंदावन, हरिद्वार और वाराणसी के श्रद्धालु भी थे। रथ यात्रा के रास्ते पर वृंदावन से आए कलाकारों ने सुंदर रंगोली बनाई थी। कोतवाली पर भगवान को 56 भोग लगाकर ढोल नगाड़ों के साथ महाआरती हुई। शहर की मुख्य सड़कों से निकली शोभायात्रा बांके बिहारी मंदिर पर समाप्त हुई। रथ यात्रा में मेयर डॉ. उमेश गौतम, गिरधर गोपाल खंडेलवाल, अशोक गोयल, सुंदर गोयल, कृष्णदास, अर्जुनदास, डॉ. विनय खंडेलवाल, सुशील अग्रवाल सहित सैकड़ों लोग आदि शामिल रहे।