बरेली। कमिश्नरी सभागार में हुई स्मार्ट सिटी बोर्ड की बैठक में करीब 15 करोड़ के प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई। इनमें से कुछ प्रस्तावों में संशोधन के आदेश दिए गए हैं। वहीं, स्मार्ट सिटी की सीमा से बाहर होने के चलते रामगंगानगर कॉलोनी में प्रस्तावित सिटी फॉरेस्ट और डेलापीर जंक्शन के प्रोजेक्ट निरस्त कर दिए गए हैं। इस दौरान अकाउंट की देखरेख के लिए भी कमेटी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
कमिश्नरी सभागार में बुधवार दोपहर 12 बजे से आयोजित बैठक में स्मार्ट सिटी बोर्ड ने गांधी उद्यान में एक करोड़ की लागत से वाकओवर फाउंटेन एवं म्यूजिकल शो, 50 लाख रुपये की लागत से गांधी उद्यान, बरेली जंक्शन, पुराना रोडवेज, अग्रसेन पार्क और नगर निगम में सोलर ट्री, ढाई करोड़ रुपये की लागत से श्यामगंज फ्लाईओवर, पुलिस लाइन की दीवार, एसएसपी ऑफिस की दीवार, डीएम कंपाउंड की दीवार एवं मानसिक अस्पताल की दीवार पर वर्टिकल गार्डन, दो करोड़ की लागत से शहर में 24 स्थानों पर हाईमास्ट लाइट और पीपीपी मोड से दो करोड़ की लागत से शहर में वाटर एटीएम लगाने के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बताया गया कि मंजूरी की प्रत्याशा में इन सभी प्रोजेक्ट के टेंडर भी निकाले जा चुके हैं। बैठक में कमिश्नर रणवीर प्रसाद, डीएम नितीश कुमार, नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन., वीसी बीडीए दिव्या मित्तल, एक्सईएन संजय चौहान आदि मौजूद रहे।
मॉडल के तौर पर लगेगा हेल्थ एटीएम
मीटिंग में पांच हेल्थ एटीएम का प्रस्ताव भी मंजूरी के लिए रखा गया लेकिन बोर्ड ने मॉडल के तौर पर गांधी उद्यान के सामने फिलहाल एक हेल्थ एटीएम लगाने को मंजूरी दी। एक हेल्थ एटीएम पर करीब 20 लाख रुपये का खर्च आएगा। पुराना बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, सिविल लाइंस हनुमान मंदिर और पंजाबी मार्केट में दो करोड़ की लागत से महिलाओं के लिए शी लाउंज बनाने की मंजूरी दी गई।
16 विभागों की छतों पर सोलर एनर्जी
स्मार्ट सिटी में विद्युत विभाग के चीफ इंजीनियर, रोजगार दफ्तर, पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, सेल्स टैक्स, पीडब्ल्यूडी चीफ इंजीनियर ऑफिस, रुहेलखंड सिंचाई विभाग, बाढ़ खंड, एसएसपी ऑफिस, कमिश्नरी, मानसिक चिकित्सालय, टीबी अस्पताल, जिला अस्पताल, नगर निगम समेत 16 विभागों की छत पर सोलर सिस्टम लगाया जाएगा। 2.77 करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी यूपी नेडा को दी गई है।
सिटी फॉरेस्ट और डेलापीर जंक्शन अटका
रामगंगानगर में 20 करोड़ की लागत से बनने वाला सिटी फॉरेस्ट का प्रोजेक्ट स्मार्ट सिटी के दायरे से बाहर होने के चलते निरस्त कर दिया गया। इसी तरह 7.24 करोड़ की लागत से डेलापीर चौराहा एवं तालाब के सौंदर्यीकरण का प्रोजेक्ट भी निरस्त हो गया। सरकारी सेवाओं के लाभ के लिए 2.72 करोड़ की लागत से लगने वाली छह ई-क्योस्क के प्रस्ताव में फेरबदल कर इसी क्षेत्र के छह वार्ड चिह्नित करने को कहा गया है। इसके अलावा इंडोर स्पोर्ट्स स्टेडियम और केटल पार्क के प्रोजेक्ट की दोबारा समीक्षा को कहा गया है।