बरेली। कमिश्नर ने लोगों को जाम से बचाने के लिए भले ही कुदेशिया और चौपुला पुल की एप्रोच रोड 24 घंटे के भीतर बनवाने के निर्देश दिए हो, लेकिन सेटेलाइट और आईवीआरआई पुलों के अधूरे काम जाम लगवाकर ही रहेंगे। सड़कों के बीचोबीच बैरीकेडिंग और मशीनें रखी होने से पुलिस-प्रशासन चाहे जितनी मशक्कत कर लें, लेकिन यहां जाम लगना लगभग तय है। बुधवार से शुरू होने वाले तीन दिवसीय आला हजरत के उर्स और दिवाली पर सड़कों पर जायरीनों सहित अन्य राहगीरों की काफी भीड़ रहेगी। ऐसे में निर्माणाधीन पुलों पर खतरे की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने उनके निर्माण कार्य बंद करा दिए हैं।
आईवीआरआई और सेटेलाइट इन दोनों ही चौराहों से उर्स के दौरान लाखों जायरीन गुजरेंगे। इनके साथ ही धनतेरस और दिवाली पर खरीदारों की भीड़ भी रहेगी। इसे देखते हुए एडीएम सिटी महेंद्र कुमार ने सोमवार को सेतु निगम के अधिकारियों को बुलाकर निर्माणाधीन पुलों के आसपास रखी बोर्ड बैरीकेडिंग और मशीनों को हटाने के निर्देश दिए थे। सेतु निगम ने इन्हें कुछ हटाकर रोड पर जगह बनाने की कोशिश की है, लेकिन भीड़ को देखते हुए उतनी जगह पर्याप्त नहीं लग रही। आईवीआरआई पुल की सर्विस लेन बहुत ही ज्यादा खस्ताहाल है। रोड से पूरा कोलतार ही उधड़ गया है और बजरी बिखर गई है। वाहनों के निकलने से यहां दिनभर धूल उड़ती है। खस्ताहाल सर्विस लेन से यहां भी जाम लगने की आशंका है।