बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रोजेक्ट अलंकार के तहत विद्यालयों में प्रस्तावित निर्माण व मरम्मत कार्यों का शिलान्यास किया। जिले के 32 राजकीय विद्यालयों व आठ अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में निर्माण व मरम्मत कार्य प्रस्तावित हैं।
कार्यक्रम का प्रसारण यूट्यूब के माध्यम से सुबह 11 बजे किया गया। मंडल में कुल 83 विद्यालयों के लिए 19.33 करोड़ रुपये के कार्यों का शिलान्यास किया गया। बरेली के 32 राजकीय विद्यालयों के लिए प्राप्त 50 प्रतिशत धनराशि 6.24 करोड़ रुपये, बदायूं के 24 विद्यालयों के लिए 6.54 करोड़ रुपये, पीलीभीत के 27 विद्यालयों के लिए 6.55 करोड़ रुपये कार्यदायी संस्था को हस्तांतरित किए गए। योजना के तहत जीआईसी व जीजीआईसी में स्मार्ट और आधुनिक सुविधाएं प्रदान करना है।
सत्र 2021-22 में चयनित मंडल के आठ राजकीय विद्यालयों में कार्य पूरा हो चुका है। इसकी लागत 1.98 करोड़ रुपये है। सत्र 2022-23 में चयनित आठ राजकीय विद्यालयों में काम चल रहा है। दूसरी किस्त की मांग भेजी गई है। कार्य की लागत 97.66 लाख रुपये है। वृहद निर्माण के तहत वर्ष 2022-23 में 21 विद्यालयों के लिए आवंटित धनराशि की प्रथम किस्त का इस्तेमाल हो चुका है। दूसरी किस्त की मांग की जा रही है। इस दौरान महापौर उमेश गौतम, विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल, एमपी आर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार व अन्य लोग उपस्थित रहे।