लखनऊ से संकेत दिया गया है कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जून के पहले सप्ताह में बरेली-अल्मोड़ा फोरलेन हाईवे का उद्घाटन करने बरेली आ सकते हैं। इसके बाद जिले से प्रदेश स्तर तक के अधिकारी तैयारियों में जुट गए हैं। सोमवार को यूपी स्टेट हाईवे अथारिटी के सदस्य आशुतोष निरंजन सड़क की गुणवत्ता का जायजा लेने बरेली पहुंचे। उन्होंने तकनीकी अधिकारियों की टीम के साथ करीब साढ़े चार घंटे तक सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। जहां खामियां मिलीं उन्हें सुधारने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के फोरलेन हाईवे के उद्घाटन करने की सूचना मिलने के बाद निर्माण की गुणवत्ता को चेक करने पर सबसे ज्यादा जोर दिया जा रहा है। यह भी जानकारी जुटाई जा रही है कि निर्माण के लिए ली गई जमीन का किसानों को पूरा भुगतान कर दिया गया है या नहीं। इस हाईवे पर अभी तक टोल प्लाजा नहीं बने हैं जिनका निर्माण 15 दिन के अंदर पूरा कराने का आदेश दिया गया है। आशुतोष निरंजन ने निरीक्षण के दौरान कई जगह सड़क को खुदवाकर उसकी गुणवत्ता का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि प्रथमदृष्टया गुणवत्ता ठीक मिली लेकिन फि र भी मैटीरियल और गुणवत्ता की लैब में तकनीकी जांच के लिए सेंपल भरवाने को कहा गया। निरंजन ने कहा कि 54 किमी से 42 किमी तक सड़क का निर्माण पूरा कर लिया जाए। फोरलेन के दोनों किनारों पर वृक्षारोपण भी जल्द करा लिया जाए।
प्राधिकरण सदस्य ने करीब साढ़े चार घंटे के सघन निरीक्षण के दौरान इज्जतनगर, बिलबा, सिद्धि विनायक, निर्माणाधीन टोल प्लाजा, दोहना, भोजीपुरा ओवर ब्रिज, अटामांडा, देवरनियां, कनमन, बहेडी बाईपास, रिछा आदि स्थानों पर सड़क निर्माण और किनारे और बीच में प्रस्तावित ग्रीनरी बेल्ट का निरीक्षण किया। टोल प्लाजा पर जन सुविधाओं के लिए बेहतर निर्माण के निर्देश दिये। इस दौरान यूपी स्टेट हाइवे अथारिटी के महाप्रबंधक एसके सिंह ने बताया कि बरेली-अल्मोडा मार्ग की 54 किमी सड़क के फ ोरलेन निर्माण की लागत 540 करोड़ रुपये है। इसे 31 अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य था लेकिन तीन महीने पहले पूरा कर लिया जाएगा।