रामगंगानगर आवासीय परियोजना में जल शक्ति योजना के तहत जल संरक्षण प्रोजेक्ट तैयार किया जाना है। इसके लिए बीडीए ने प्रशासन से ड्रोन से सर्वे करने की अनुमति मांगी है। यह परमिशन मिल जाने के बाद बीडीए सचिव ने इंदौर की एक संस्था को इसका कांट्रेक्ट दिया है।
बीडीए की इस आवासीय योजना में जल संरक्षण प्रोजेक्ट को तैयार किया जाना है, ताकि लाखों लीटर बारिश के पानी को इकट्ठा किया जा सके। बीडीए के अधिकारियों ने इस प्रोजेक्ट के लिए प्रशासन से ड्रोन से सर्वे करने के लिए अनुमति मांगी थी।
जांच के बाद एडीएम सिटी महेंद्र कुमार सिंह ने इसके लिए बिथरी चैनपुर थाना पुलिस से रिपोर्ट मांगी थी। इसके बाद बीडीए को इस शर्त के साथ प्रशासन ने आठ जनवरी को ड्रोन सर्वे की परमिशन दे दी है कि ड्रोन का प्रयोग केवल शासकीय कार्य के लिए ही किया जाएगा।
प्रशासन से स्वीकृति मिलने के बाद बीडीए सचिव ने यह सर्वे जल्द कराने के लिए इंदौर की मैसर्स ड्रोनमैप्स प्राइवेट लिमिटेड नाम की एक संस्था को जिम्मेदारी दे दी है। बीडीए के अधिकारियों का कहना है कि मैपिंग होने के साथ अगली बारिश शुरू होने से पहले इस प्रोजेक्ट को पूरा कराने की कोशिश की जाएगी।