एसडीएम ने गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए डीएम को भेजी थी रिपोर्ट
बरेली। तहसील भवन के निर्माण में घपला सामने आने के बाद कार्यदायी संस्था पैक्सफेड ने उसकी मरम्मत करानी शुरू कर दी है। हाल ही में एसडीएम ने निर्माण कार्य पर असंतोष जताते हुए नवनिर्मित भवन को हैंडओवर करने पर रोक लगा दी। साथ ही इसकी टेक्निकल ऑडिट कमेटी (टीएसी) से जांच कराने की संस्तुति भी कर दी थी।
करीब पांच साल पहले तहसील की नई बिल्डिंग बनाने का कांट्रेक्ट पैक्सफेड संस्था को दिया गया था। नई बिल्डिंग निर्माण पूरा होते-होते कई जगह दरक गई। कई जगहों पर फर्श टूट गया। एसडीएम ईशान प्रताप सिह ने निर्माण में धांधली होने की बात कहते हुए पैक्सफेड को निर्देशित किया था कि जब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई जाती, वह इसका हस्तांतरण तहसील प्रशासन को नहीं कराएंगे। मामले में गर्दन फंसती देख पैक्सफेड के अधिकारियों ने सदर तहसील की नई बिल्डिंग की मरम्मत शुरू करा दी है। इसके लिए संस्था ने सीमेंट सहित दूसरी निर्माण सामग्री भी मंगवा ली है। एसडीएम ने बताया कि निर्माणदायी संस्था मरम्मत कराने के साथ नए कार्य भी कराएगी।