बरेली। एयरफोर्स की अनुमति लिए बिना ही नगर निगम ने प्रतिबंधित रडार क्षेत्र में अवैध निर्माण शुरू करा दिया है। एयरफोर्स अधिकारियों ने इस पर आपत्ति जताते हुए डीएम से शिकायत की है और निर्माण रुकवाकर तत्काल कार्रवाई को कहा है।
एयरफोर्स स्टेशन के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ग्रुप कैप्टन शिवानंद ने इस संबंध में डीएम से शिकायत की है। ग्रुप कैप्टन का कहना है कि एयरफोर्स के अंतर्गत 100 मीटर के दायरे में कोई निर्माण नहीं हो सकता। मगर ततारपुर गांव में गाटा संख्या 71 पर नगर निगम ने अवैध तरीके से निर्माण शुरू करा दिया है। ततारपुर गांव एयरफोर्स के प्रतिबंधित क्षेत्र के अंतर्गत आता है और यह निर्माण एयरफोर्स रडार स्टेशन के सौ मीटर दायरे में हो रहा है। गिरधरपुर गांव के लोगों ने भी इस अवैध निर्माण के संबंध में शिकायत की है। उन्होंने डीएम से अनुरोध किया है नगर निगम द्वारा कराया जा रहा अवैध निर्माण तत्काल बंद कराया जाए। अगर यह निर्माण जनहित का है तो नगर निगम उसके लिए एयरफोर्स से नियमानुसार अनुमति प्राप्त करे, उसके बाद कार्य कराए।
‘एयरफोर्स क्षेत्र में निर्माण कराने के संबंध में जानकारी नहीं है। एयरफोर्स से ऐसे किसी निर्माण की अनुमति भी नहीं ली गई है। इसे दिखवाया जाएगा और जरूरत होगी तो एयरफोर्स से एनओसी भी ली जाएगी।’
- संजय चौहान, एक्सईएन, नगर निगम