बरेली में आज देवउठनी एकादशी की धूम रहेगी। देव के उठने के साथ ही मांगलिक कार्य भी शुरू हो जाएंगे। ब्याह-शादी जैसे मांगलिक कार्य प्रारंभ होने पर मंगलवार को फिर से बैंडबाजों और शहनाई की धुन गूंजेगी। सभी होटल और बैंक्वेट हॉल फुल हो गए हैं। कारोबारी कोरोना के बाद पहली बार बेहतर कारोबार की उम्मीद जता रहे हैं।
बैंक्वेट हॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष गोपेश अग्रवाल के मुताबिक शहर में करीब डेढ़ सौ और अन्य तहसीलों में भी करीब सौ मैरिज और बैंक्वेट हॉल हैं। देवोत्थान एकादशी का दिन अबूझ तिथि भी रहता है। इस दिन विवाह या अन्य किसी मांगलिक आयोजन के लिए मुहूर्त विचार की जरूरत नहीं होती। इसलिए पहले ही दिन सबसे ज्यादा बुकिंग है। करीब माह भर के लिए अलग-अलग शुभ तिथियों के सापेक्ष सामान्य दिनों में करीब 60 फीसदी ही बुकिंग हैं।
शुभ मुहूर्तों में वे हॉल जहां पर दो या इससे ज्यादा आयोजन संभव है, वहां की एडवांस बुकिंग हो चुकी है। इसके अलावा कैटर्स, बैंड-बाजा, बग्घी, डीजे और आर्केस्ट्रा की भी बुकिंग लोगों ने करा रखी है। आयोजन में कहीं कोई कोर कसर बाकी न रहे इसके लिए सोमवार को बाजार में कपड़ा, सराफा, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स समेत सब्जी और फल की भी खरीदारी लोगों ने की।
किस माह कितने शुभ मुहूर्त
नवंबर : 12, 13, 16, 17, 18, 22, 23, 25, 26, 28 और 29
दिसंबर : 04, 05, 09, 10, 14 और 15