बरेली। रेलवे में 25 से 29 नवंबर तक देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित होने वाली एएलपी (सहायक लोको पायलट) भर्ती परीक्षा से पहले ट्रेनों में भीड़ उमड़ने लगी है। रविवार को लखनऊ, दिल्ली और पूर्वांचल की ओर जाने-आने वाली ट्रेनों में युवाओं की अतिरिक्त भीड़ रही। इस बीच ट्रेनों की लेटलतीफी ने परीक्षा में शामिल होने जाने वाले युवाओं के साथ आम यात्रियों को भी परेशान किया।
अलग-अलग रूटों पर एएलपी भर्ती परीक्षा विशेष ट्रेनों का संचालन किए जाने के बाद भी नियमित ट्रेनों पर अतिरिक्त दबाव है। बरेली के भोजीपुरा स्टेशन होते हुए भी 24 से 29 नवंबर तक 05187/88 छपरा-लालकुआं-छपरा परीक्षा विशेष ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। रविवार को सभी विशेष ट्रेनें देरी से आईं। नियमित ट्रेनों ने भी इंतजार कराया। कई विशेष ट्रेनें तो रविवार के स्थान पर सोमवार को बरेली पहुंचेंगी। 04313 मुजफ्फरपुर-हरिद्वार विशेष ट्रेन को शनिवार रात 12:25 बजे बरेली आना था, लेकिन यह ट्रेन रविवार सुबह 10:17 बजे बरेली पहुंची। रविवार रात नौ बजे बरेली आने वाली 04005 जयनगर-आनंद विहार विशेष ट्रेन देरी से चल रही है। यह ट्रेन सोमवार शाम 6:40 बजे बरेली आएगी। इस बीच कोहरे और धुंध के कारण रेलवे के सामने समयबद्धता चुनौती रहेगी।
-
इन ट्रेनों ने कराया इंतजार-
04067 डिब्रूगढ़-दिल्ली विशेष 13 घंटे, 12369 कुंभ एक्सप्रेस 12 घंटे, 04059 जयनगर-आनंद विहार विशेष ट्रेन 11 घंटे, 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस चार घंटे, 04031 सहरसा-आनंद विहार गरीब रथ आठ घंटे, 15909 अवध असम एक्सप्रेस तीन घंटे, 04022 आनंद विहार-समस्तीपुर विशेष चार घंटे, 04032 आनंद विहार-सहरसा गरीब रथ दो घंटे, 15903 डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ सुपरफास्ट चार घंटे देरी से आई। इसके अलावा नियमित ट्रेनों में 12357 दुर्गियाना एक्सप्रेस, 12588 अमरनाथ एक्सप्रेस, 12232 चंडीगढ़ लखनऊ सुपरफास्ट, 14673 शहीद एक्सप्रेस, 15119 जनता एक्सप्रेस, 22453 राज्यरानी एक्सप्रेस ने भी इंतजार कराया।
-
यह बोले यात्री-
लखनऊ जाना है, दो घंटे लेट है ट्रेन
लखनऊ जाना है। कन्फर्म टिकट भी है, लेकिन ट्रेन दो घंटे देरी से आ रही है। ट्रेन का टिकट न लिया होता तो अन्य माध्यम से भी यात्रा कर सकता था। फिलहाल ट्रेन का इंतजार कर रहा हूं।-गोपाल, यात्री
-
रामपुर से आ रहा हूं और लखनऊ जाना है। रामपुर में ट्रेन छूट गई तो यहां तक की दूरी बस से तय की है। ट्रेन तीन घंटे तक देरी से बताई जा रही है। रेलवे को समयबद्धता पर ध्यान देना चाहिए। - राहुल यादव, यात्री
पहले तो टिकट ही कन्फर्म होना मुश्किल होता है। अगर कन्फर्म हो भी जाए तो ट्रेन समय पर नहीं मिलती। पहले एनाउंस हुआ था कि ट्रेन एक घंटे देरी से आएगी। अब दो घंटे कहा जा रहा है।-आरडी यादव, यात्री
-
रेलवे सेवाओं में सुधार तो हो रहे हैं, लेकिन समयबद्धता पर भी ध्यान दिए जाने की जरूरत है। ट्रेनों की लेटलतीफी रेलवे की छवि खराब कर रही है। मेरी ट्रेन चार घंटे लेट बताई जा रही है। -केके सिंह, यात्री
संवाद