बरेली। कैंट थाना क्षेत्र की दो मीट फैक्टरियों में तैनात जम्मू-कश्मीर निवासी 27 सुरक्षा गार्डों की तैनाती के मामले की प्रारंभिक जांच में सिक्योरिटी कंपनी का पंजीकरण और सत्यापन पूर्व में होने की बात सामने आई है। बरेली पुलिस ने जम्मू-कश्मीर पुलिस को पत्र भेजकर इनका भौतिक सत्यापन कराने की जरूरत बताई है। जांच में कुछ भी गलत मिला तो फैक्टरी प्रबंधन पर कार्रवाई तय है।
दिल्ली में हुई आतंकी घटना में एक समुदाय विशेष के डॉक्टरों का मॉड्यूल मिला है। इसके बाद जम्मू-कश्मीर के निवासियों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बरेली की मारिया फ्रोजन मीट कंपनी में 17 और उसके पड़ोस की रहबर फूड्स में 10 सुरक्षा गार्ड जम्मू-कश्मीर के हैं। सालभर से ये गार्ड दोनों कंपनियों में कार्यरत हैं। ये शहर के विभिन्न हिस्सों में किराये पर रहते हैं। पुलिस, एलआईयू समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने बुधवार को इस मामले में जांच की।
एजेंसी मालिक ने जम्मू कश्मीर के लोगों को दी प्राथमिकता
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि जम्मू-कश्मीर निवासी कबीर पहले गार्ड था। दो साल पहले उसने नौकर छोड़कर अपनी कंपनी बना ली। कबीर की कंपनी से बरेली की दोनों मीट कंपनियों का अनुबंध है। यहां इस कंपनी के 50 से ज्यादा कर्मचारी हैं। इनमें से 27 जम्मू-कश्मीर के हैं। कैंट पुलिस व एलआईयू ने अधिकारियों को बताया है कि कबीर की इस सिक्योरिटी कंपनी का पंजीकरण है और छह महीने पहले कर्मचारियों का सत्यापन भी हो चुका है। अब नए सिरे से सत्यापन कराने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस से पत्राचार किया जा रहा है। कोई गड़बड़ मिली तो संबंधित सिक्योरिटी कंपनी के साथ ही उससे करार करने वाली मीट कंपनियों के प्रबंधन के खिलाफ भी पुलिस कार्रवाई करेगी। सुरक्षा कर्मचारियों को भी नोटिस दिया गया है। ब्यूरो