बरेली के जिला अस्पताल की ओपीडी में डॉक्टरों की लेटलतीफी की शिकायत पर मंगलवार को एडी हेल्थ ने निरीक्षण किया। फिजिशियन, चेस्ट फिजिशियन, ऑर्थो, बाल रोग विशेषज्ञ, हेपेटाइटिस, दंत रोग विशेषज्ञ मौजूद रहे। त्वचा रोग विशेषज्ञ की कुर्सी खाली मिलने पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।
एडी हेल्थ डॉ. तेजपाल सुबह नौ बजे अस्पताल पहुंचे। पर्चा काउंटर पर कतार थी और ओपीडी में मरीज इलाज के लिए कक्ष के बाहर खड़े थे। सिर्फ चर्म रोग ओपीडी में कुर्सी खाली थी। उन्होंने गार्ड से पूछताछ की तो पता चला कि डॉक्टर नहीं हैं। इसके बाद क्रमवार पैथोलॉजी, मनकक्ष, फिजियोथेरेपी, इमरजेंसी आदि का निरीक्षण किया। दवा काउंटर पर उपलब्धता की जानकारी भी ली। मरीजों ने पूछताछ में व्यवस्थाओं में कोई खामी न होने की बात कही।
फिर एडी हेल्थ ने प्रभारी सीएमएस डॉ. अजय मोहन को देर से पहुंचने वाले डॉक्टरों से जवाब तलब के निर्देश दिए। बताते हैं कि एडी हेल्थ ने चर्म रोग विशेषज्ञ कक्ष और खाली कुर्सी का फोटो भी खिंचवाया ताकि प्रमाण रहे। निरीक्षण में अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. एलके सक्सेना व अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।