जंक्शन पर डिप्टी एसपी और टीटीई में झड़प
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
रेलवे जंक्शन पर कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस के एसी कोच में बैठने को लेकर एक डिप्टी एसपी और टीटीई के बीच तीखी झड़प हुई। पुलिस उपाधीक्षक बगैर सीट बुक कराए ही एसी कोच में बैठने की कोशिश में थे, जबकि टीटीई सीट खाली न होने की बात कह रहे थे। हंगामा सुनकर मौके पर पहुंचे जीआरपी के जवानों ने मामला शांत कराया।
रविवार की दोपहर कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस रेलवे जंक्शन के एक नंबर प्लेटफार्म पर पहुंची। ट्रेन रुकते ही लोग बैठने को इधर-उधर दौड़ने लगे। तभी सादा कपड़े पहले एक डिप्टी एसपी एसी कोच में चढ़ने को हुए। ट्रेन के गेट पर खड़े टीटीई ने टिकट मांगा तो उन्होंने अपना फ्री यात्रा करने का पास दिखाया। इस पर टीटीई ने एसी कोच में सीट न होने की बात कही। पुलिस उपाधीक्षक खड़े होकर यात्रा करने को कहने लगे। इसके लिए भी टीटीई ने मना कर दिया। इस पर टीटीई और उनके बीच कहासुनी होने लगी। यात्रियों से पैसे लेकर सीट देने का आरोप टीटीई पर लगाया। कहासुनी होते देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पता लगने पर जीआरपी थाने के एसएसआई राजेंद्र सिंह और कई सिपाही मौके पहुंच गए। उन्होंने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की। इसी बीच ट्रेन चल दी।