डिप्टी सीएम ने की समीक्षा बैठक
- फोटो : अमर उजाला
चुनाव से पहले हर हाल में पूरा कराएं निर्माण कार्य
डिप्टी सीएम ने तय समय सीमा में मानकों के अनुसार निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि चुनाव पूर्व इनका लोकार्पण हो सके। बेसिक स्कूलों में शौचालय का निर्माण कराने के लिए कहा। बदायूं रोड पर डलावघर निर्माण तीन माह में पूरा होने के बारे में बताया। सीएमओ को निजी अस्पतालों में आयुष्मान कार्ड धारकों से रुपये लिए जाने की शिकायतों की जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।
कांवड़ यात्रा में एहतियात बरतने समेत सुरक्षित आवाजाही के लिए बंद किए जाने वाले सड़कों के कट को सावन के बाद खोलने के लिए भी कहा। उन्होंने सभी नाथ द्वार, नाथ नगरी के प्रतीकों को सजाने और बेहतर सजावट को पुरस्कृत करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कांवड़ यात्रा संबंधित माइक्रोप्लान की जानकारी दी।
अन्य जिलों में भी लागू होगा बरेली का मॉडल
सीडीओ देवयानी ने बताया कि स्कूलों में दूध, फल, मसाले, अस्पतालों में चादर, तकिया कवर, ओटी यूनिफॉर्म आदि की आपूर्ति के लिए स्वयं सहायता समूहों से एमओयू हुआ है। डिप्टी सीएम ने पहल की सराहते हुए रिपोर्ट शासन को भेजने के लिए कहा, ताकि मॉडल अन्य जिलों में लागू हो सके।
बीएसए को ड्रेस बनवाने के लिए समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। डिप्टी सीएम ने कहा कि सीमांकन के पत्थर हटाकर कब्जे करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई करें। चक मार्ग, गोचर भूमि, सरकारी भूमि आदि से अवैध कब्जे हटवाएं। हर घर जल योजना में गांवों के संतृप्त होने की रिपोर्ट पर नाराजगी जताई। कहा कनेक्शन के बजाय घरों में पानी की आपूर्ति की जाए।
जनप्रतिनिधि के सामंजस्य से कराएं जनहित के कार्य
डिप्टी सीएम ने तहसील स्तर पर पार्टी इकाई के प्रतिनिधि के साथ संबंधित अधिकारी को प्रतिमाह बैठक कर स्थानीय समस्याओं के समाधान पर मंथन करने के निर्देश दिए। ग्राम चौपालों का कैलेंडर जनप्रतिनिधियों को देने, आवास निर्माण, अमृत सरोवर की व्यवस्था, गरीबों को उजाड़ने से पहले बसाने की व्यवस्था, वीबी जीरामजी के तहत गांवों के विकास के लिए कहा।
महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने बरेली कॉलेज के सुदृढ़ीकरण का भी मुद्दा उठाया। इस दौरान वनमंत्री डॉ. अरुण कुमार, मेयर उमेश गौतम, जिला पंचायत की प्रशासक रश्मि पटेल, विधायक संजीव अग्रवाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी, मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी, एसएसपी अनुराग आर्य, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।