Bareilly News: बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में वीडियो वायरल होने से आहत नाबालिग छात्रा ने आत्महत्या कर ली। उसके भाई ने दूसरे समुदाय के दो नाबालिगों पर कैफे में सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। वहीं, हिंदूवादी संगठनों से जुड़े तीन लोगों पर वीडियो बनाकर वायरल करने का आरोप है। पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार रात एक नाबालिग छात्रा ने फंदा लगाकर जान दे दी। छात्रा के भाई ने बहन के दो दोस्तों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके साथ ही, गांव की एक झोलाछाप महिला, ब्लू डायमंड कैफे के मालिक और हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों के खिलाफ भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, छात्रा दूसरे समुदाय के दोस्त के साथ मंगलवार को कैफे गई थी। वहां हिंदू जागरण मंच और बजरंग दल के गोसेवा प्रकोष्ठ से जुड़े लोगों ने हंगामा कर दिया। इस दौरान दोनों आरोपी वहां से भागने लगे तो उन लोगों का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। इससे आहत छात्रा ने खुदकुशी कर ली।
झोलाछाप महिला की दुकान पर काम करती थी किशोरी
छात्रा के भाई ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि गांव में दूसरे समुदाय की एक महिला खुद को डॉक्टर के रूप में प्रचारित कर लोगों का इलाज करती है। उसकी 17 वर्षीय बहन नौवीं कक्षा में पढ़ने के साथ ही झोलाछाप महिला के साथ उसकी दुकान पर काम करती थी। आरोप लगाया कि यह महिला गांव की लड़कियों को धर्म परिवर्तन के जाल में फंसाती थी। अपनी दुकान पर परिचित लड़कों को बुलाकर उनसे लड़कियों को मिलवाती थी।
हिंदूवादी संगठनों के नेताओं ने बनाया था वीडियो
छात्रा के भाई ने बताया कि दूसरे समुदाय के नाबालिग ने भी उसकी बहन से दोस्ती कर ली। मंगलवार को दोनों नाबालिग उसकी बहन के साथ बड़ा बाइपास स्थित ब्लू डायमंड कैफे गए थे। वहां दोनों ने उसकी बहन से दुष्कर्म किया। भाई ने कहा कि हिंदू जागरण मंच (युवा) के जिलाध्यक्ष हिमांशु पटेल, बजरंग दल महानगर सह गोरक्षा प्रमुख निर्दोष राठौर व देवेंद्र पटेल ने कैफे में आकर उसकी बहन का वीडियो बना लिया और उसे वायरल कर दिया। इससे उसकी बहन बहुत तनाव में थी। परिवार वालों ने सुबह शिकायत करने की बात कही थी लेकिन उसने रात में ही जान दे दी।
इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
बुधवार रात बिथरी चैनपुर थाना पुलिस ने दोनों नाबालिगों के खिलाफ दुष्कर्म, गांव की झोलाछाप महिला पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने, हिमांशु पटेल, देवेंद्र पटेल और निर्दोष राठौर पर नाबालिग का वीडियो वायरल करने का मामला दर्ज कर लिया। दोनों नाबालिगों के एक अन्य दोस्त पर भी इसी मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की गई है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पोस्टमॉर्टम में हैंगिंग से मौत की पुष्टि हुई है। अन्य जांचों के लिए स्लाइड सुरक्षित रखी गई है। तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज की गई है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।