बरेली। पैगंबर-ए-इस्लाम पर टिप्पणी रोकने के लिए ऑल इंडिया रजा एक्शन कमेटी युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व आला हजरत वेलफेयर ट्रस्ट के अध्यक्ष मौलाना अब्दुल्लाह रजा कादरी ने इंडिया गठबंधन के सांसदों को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने इस मामले में बिल लाने की बात कही है, जिसमें कड़ी सजा का प्रावधान हो।
इस पत्र में उन्होंने कहा है कि किसी भी जम्हूरी मुल्क में विपक्ष पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है। बाहैसियत एक जिम्मेदार नागरिक और सांसद, आपकी नजर में यह बात जरूर होगी कि पैगंबर-ए-इस्लाम की शान में आए दिन गुस्ताखियां की जा रही हैं। कुछ लोगों ने तो सस्ती शोहरत हासिल करने के लिए इसे अपनी आदत ही बना लिया है। वो गुस्ताखी करते हैं, मुकदमा लिखा जाता है, कोर्ट में उन्हें इस शर्त के साथ जमानत मिलती है कि अब कभी यह गलती नहीं दोहराएंगे, मगर वो फिर वही हरकत करते हैं। उन्होंने कहा कि पैगम्बर-ए-इस्लाम की शान में गुस्ताखियां करने वाले लोग इतना भी नहीं सोचते कि जिनके खिलाफ वह टिप्पणी कर रहे हैं, उन्होंने खुद ही मुसलमानों को निर्देश दिया है कि किसी के मजहब को बुरा मत कहो। संवाद