बरेली। जिला और महिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवा का हाल जानने पहुंची नवागत एडी हेल्थ डॉ. सीमा अग्रवाल का सामना अव्यवस्था से हुआ। आउटसोर्स कर्मियों ने लंबित वेतन भुगतान, रेडियोलॉजिस्ट की कमी से अल्ट्रासाउंड के लिए लग रही कतार से निजात दिलाने की मांग की।
सुबह करीब दस बजे एडी हेल्थ महिला अस्पताल पहुंचीं। ओपीडी में डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहा। अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर महिलाओं की कतार थी। पूछताछ में बताया कि एक ही रेडियोलॉजिस्ट होने से आगे की तिथि दी जा रही है। सीएमएस डॉ. त्रिभुवन प्रसाद को एक और रेडियोलॉजिस्ट तैनाती के लिए शासन को पत्र भेजने के लिए कहा। साथ ही, इलाज के लिए पहुंच रही महिलाओं से बेहतर व्यवहार का सुझाव डॉक्टर और स्टाफ को दिया। फिर एडी हेल्थ जिला अस्पताल पहुंची और परिसर के वार्ड, यूनिट, ओपीडी और पैथोलॉजी को देखा।
परिसर में जगह-जगह कचरा फैला होने पर नाराजगी जताई। सीएमएस ने डॉक्टरों की कमी से होने वाली समस्या की जानकारी दी। एडी हेल्थ ने संबंधित समस्याओं का दर्ज कर शासन को पत्र भेजने की बात कही है। मरीजों द्वारा चतुर्थ श्रेणी कर्मियों द्वारा अभद्रता की शिकायत पर सीएमएस को स्टाफ को सुधार के निर्देश दिए। साथ ही, प्रकरण की जांच की बात कही। इस दौरान एडी एसआईसी डॉ. आरसी दीक्षित मौजूद रहे।