बरेली। मुख्यमंत्री के संभावित शहर दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। वीआईपी मूवमेंट से पहले शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को नगर निगम की टीम ने प्रवर्तन दल के साथ पटेल चौक से लेकर चौपुला चौराहे तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क और फुटपाथ को घेरकर बनाए गए अवैध निर्माणों पर निगम का बुलडोजर चला।
अभियान के तहत मुख्य सड़क किनारे के अस्थायी कब्जे और अवैध टिनशेड ढहाए गए। सड़क पर दुकान लगाने वाले और ठेला संचालकों को हटाकर सख्त चेतावनी दी गई। अतिक्रमण हटाओ दस्ता प्रभारी मयंक कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई हुई। टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से मौके पर 17 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि दोबारा अतिक्रमण करने पर सामान जब्त होगा और एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। यह अभियान यातायात को सुगम बनाने और सड़क को चौड़ा करने के लिए जारी रहेगा। टीम ने रामपुर गार्डन, पटेल चौक, चौपुला, कोतवाली और कुतुबखाना पर भी कार्रवाई की। कुछ जगहों पर टीम की अतिक्रमण करने वालों से नोकझोंक भी हुई। अमर उजाला ने 19 जून के अंक में फुटपाथ कब्जे को लेकर खबर प्रकाशित की थी, जिसके बाद नगर आयुक्त संजीव मौर्य के आदेश के बाद सोमवार को शहर के फुटपाथ पर भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।