शहर के बवाल में दब गया मामला, आरोपियों से पूछताछ भी नहीं कर सकी बरेली पुलिस
बरेली। अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग कर दहशत फैलाने के आरोपी गोल्डी बरार-रोहित गोदारा गैंग के शूटरों को दिल्ली पुलिस ने 29 सितंबर को जुवेनाइल कोर्ट (किशोर न्यायालय) में पेश किया और अपने साथ ले गई। शहर में बवाल के बीच उनकी पेशी दबकर रह गई। बरेली पुलिस आरोपियों से पूछताछ भी नहीं कर सकी। अब 13 अक्तूबर को आरोपियों की दोबारा पेशी होनी है।
अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर 11 और 12 सितंबर को गोल्डी बरार-रोहित गोदारा गैंग के शूटरों ने फायरिंग की थी। वारदात के समय दिशा के पिता सेवानिवृत्त डिप्टी एसपी जेएस पाटनी आवास पर थे। मामला सुर्खियों में आया तो सीएम योगी ने भी संज्ञान लिया था। आरोपियों की तलाश में 2500 सीसी कैमरे, शहर के 300 से ज्यादा होटलों व एटीएम के फुटेज खंगाले गए थे। 19 सितंबर को मुख्य शूटर रविंद्र व अरुण को यूपी एसटीएफ ने मुठभेड़ में मार गिराया था।
इसके बाद दो नाबालिग आरोपियों को दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने गिरफ्तार किया था। उनके पास से पिस्टल, तंमचे, कारतूस और बाइक बरामद की गई थी। दोनों शूटरों को दिल्ली के जुवेनाइल कोर्ट में पेश करने के बाद बाल सुधार गृह भेज दिया गया था। इसके बाद बरेली पुलिस ने दिल्ली के जुवेनाइल कोर्ट में आरोपियों का बी वारंट दाखिल किया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ करना चाहती थी, लेकिन इसी दौरान शहर में 26 सितंबर को बवाल हो गया और 27 से 29 सितंबर तक इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया गया। अधिकारी हालात सामान्य करने में जुट गए। इसी दौरान दिल्ली पुलिस ने आरोपियों को 29 सितंबर को बरेली के जुवेनाइल कोर्ट में पेश कर दिया। इससे बरेली पुलिस उनसे पूछताछ नहीं कर सकी।
सीओ प्रथम बोले- 13 को फिर पेशी, रिमांड के लिए देंगे अर्जी
सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि शहर में बवाल के दौरान 29 सितंबर को दिल्ली पुलिस की टीम ने आरोपियों को बरेली जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया था। उस दौरान आरोपियों से पूछताछ नहीं की जा सकी। 13 अक्तूबर को उनकी फिर पेशी होनी है। कोर्ट में आरोपियों की रिमांड के लिए अर्जी दी जाएगी। मामले की तह तक जाने के लिए आरोपियों से पूछताछ जरूरी है। संवाद