अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। जामा मस्जिद के रैन बसेरे से अपह्रत बच्ची की तलाश में आई दिल्ली पुलिस टीम को इनपुट मिला है कि मानव तस्करों के तार बरेली से भी जुड़े हैं। दिल्ली पुलिस की टीम ने बच्ची को बरामद करने के लिए शहर के कई होटलों में छापामारी की, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।
दिल्ली के मीना बाजार रैन बसेरे से पांच साल की बच्ची जरीना पुत्री मोहम्मद फैय्याज को अंजान व्यक्ति सात अक्तूबर अगवा कर ले गया। जामा मस्जिद थाने के दरोगा कुलदीप सिंह बच्ची की खोज करते हुए पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां सीसीटीवी फुटेज की तस्वीर से साफ हो गया कि एक युवक बच्ची को अपहरण कर ले जा रहा है। पुलिस ने आसपास के इलाके मेें उसकी तस्वीर भेजकर पता कराया। दिल्ली से सभी थानों को अपहरणकर्ता की तस्वीर जारी कर दी गई, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने बच्ची की तस्वीर के साथ उसका पता बताने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा करते हुए दिल्ली के अखबारों में विज्ञापन छपवा रखा है। बृहस्पतिवार को किसी अंजान व्यक्ति की बच्ची के मोबाइल पर फोन आ गया। फोन करने वाले का कहना था कि वह बरेली से बोल रहा है। बच्ची उसके पास है, बरेली के चौधरी बाजार स्थित इंदिरा होटल में उन्हें मिल जाएगी, यहां आ जाना बच्ची वह उन्हें सौंप देगा। इसके बदले उन्हें कुछ रकम देनी होगी। दरोगा कुलदीप सिंह अपनी टीम के सिपाही सैय्यद एजाज को लेकर बरेली पहुंच गए। यहां उन्होंने कोतवाली में आमद कराने के बाद पहले तो होटल और बाजार के बारे में जानकारी की, लेकिन इस नाम का शहर में कोई होटल ही नहीं है। इसके बाद टीम ने पुराने रोडवेज बस अड्डे के पास स्थित कई होटलों में अचानक छापामारी करके बच्ची और अपहरण कर्ता की तस्वीर दिखाकर उसके बारे में जानकारी की, लेकिन बच्ची के बारे में कोई सुराग नहीं मिल पाया। दरोगा का कहना है कि बच्ची का कनेक्शन बरेली से जुड़ा है।