एनएचएआई अक्तूबर मेें दे चुका है 700 करोड़ रुपये का कांट्रेक्ट
सर्दी में कोलतार सही से न चिपकने की दिक्कत से नहीं हो पा रहा था काम
बरेली। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर बरेली से सीतापुर के बीच खस्ताहाल 157 किलोमीटर सड़क को दुरुस्त करने के लिए इसी सप्ताह रोजा के पास हॉटमिक्स प्लांट शुरू करने की तैयारी है। सर्दी में तापमान कम होने के चलते ये प्लांट नहीं शुरू हो पाया था। अब इस प्लांट से बरेली से शाहजहांपुर तक हाईवे के टूटे हिस्से पर कोलतार की नई लेयर बिछाई जाएगी।
इस हाईवे का अधूरा प्रोजेक्ट छोड़ने वाली इरा इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी पर वर्ष 2018 में फरीदपुर में एनएचएआई केस भी दर्ज करा चुका है। इसके सवा साल बाद एनएचएआई ने इस अधूरे प्रोजेक्ट का काम पूरा कराने के लिए नौ अक्तूबर में हुई टेंडर प्रक्रिया में करीब सात सौ करोड़ के इस काम का कांट्रेक्ट आगरा की राज कारपोरेशन लिमिटेड नाम की कंपनी को दिया। चार साल से ठप पड़े प्रोजेक्ट पर एनएचआई के अधिकारियों का कहना था कि नई कंपनी को हॉटमिक्स प्लांट लगाने सहित शुरूआती तैयारियों के लिए कुछ वक्त चाहिए। इसके लिए जनवरी-फरवरी से पहले काम शुरू कर पाना मुमकिन नहीं है। हालांकि अधूरे ओवरब्रिज-फ्लाईओवर की मरम्मत तो प्रारंभ हो गई, लेकिन कड़ाके की सर्दी में कोलतार सही से न चिपकने का हवाला देते हुए इंजीनियरों ने हाईवे पर नई लेयर बिछाने का काम शुरू नहीं किया था। अब मौसम बदलने के साथ तापमान बढ़ने पर शाजहांपुर के रोजा प्लांट को शुरू करने की तैयारी चल रही है। इससे बरेली और शाहजहांपुर टूटे हाईवे को जल्द ठीक किया जाएगा। इस हाईवे को ठीक करने के लिए बरेली से सीतापुर के बीच चार जगहों पर हॉटमिक्स प्लांट लगाए जाने हैं। बता दें कि इस खस्ताहाल हाईवे पर हादसों में कई मौतें हो चुकी हैं। आए दिन हाईवे के गड्ढों की वजह से हादसे होते रहते हैं।
‘इस हाईवे के लिए शाहजहांपुर में लगे हॉटमिक्स प्लांट को हफ्तेभर में शुरू कराने की तैयारी है। इस प्लांट से शाहजहांपुर के साथ बरेली में टूटे हाईवे के हिस्से को बनाया जाएगा।’
- अमित प्रकाश, पीडी, एनएचएआई