बरेली। रामगंगानगर आवासीय योजना में चल रहे निर्माण कार्यों में कार्यदायी एजेंसियों की मनमानी पर अब बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) उपाध्यक्ष ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। योजना के सेक्टर-8 में कन्वेंशन सेंटर के निर्माण में देरी को लेकर बीडीए ने सत्य साईं बिल्डर्स एंड कांट्रैक्टर को 20 दिन का अल्टीमेटम दिया है। इसके बाद फर्म को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा। इससे पहले बीडीए इस एजेंसी को डिबार करने की कार्रवाई भी कर चुका है।
बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. ए मनिकंदन के अनुसार, 29 करोड़ रुपये से बन रहे इस कन्वेंशन सेंटर का निर्माण वर्ष 2022 से चल रहा है। इसे जून 2025 में पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन एजेंसी की ढिलाई की वजह से आठ बार तिथि को आगे बढ़ाना पड़ा। अंतिम बार जनवरी 2026 की समय सीमा दी गई थी, पर अब भी काम अधूरा पड़ा है।
इस कन्वेंशन सेंटर में स्वीमिंग पूल, 200 व्यक्तियों की क्षमता वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम, ठहरने के लिए 20 वीआईपी कमरे, लॉन और एक किचन का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही, 300 वाहनों की क्षमता वाला बड़ा पार्किंग स्पेस भी विकसित किया जा रहा है।