पलियाकलां। शहर के मोहल्ला बरबंडा निवासी लापता युवक का शव पुलिस ने एक बाग स्थित कुएं से बरामद किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस की मानें तो रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा। उधर, परिजन की तरफ से भी कोई तहरीर अभी पुलिस को नहीं मिली है। युवक की मौत से घर में चीख पुकार मची है।
शहर के मोहल्ला बरबंडा निवासी अजय कुमार पुत्र हरद्वारी बृहस्पतिवार रात करीब दस बजे खाना खाने के बाद घर से निकला था। इसके बाद से वह वापस नहीं आया था। शुक्रवार सुबह तक वह घर नहीं लौटा तो परिजन ने तलाश शुरू की। इस दौरान घर से थोड़ी दूर स्थित सेठ की बाग के नजदीक कुएं के पास युवक की जॉकेट, जूते व रूमाल आदि मिले थे। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे कोतवाल धीरज शुक्ला को खोजबीन के दौरान शव कुएं से बरामद हुआ। युवक की हत्या हुई या उसने आत्महत्या की इसको लेकर असमंजस बना हुआ है। कोतवाल धीरज शुक्ला का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामले में किसी की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।