बिशारतगंज। आगरा डिग्री लेने जाने की बात कहकर घर से निकले बहेड़ी के 25 वर्षीय छात्र अजयवीर का शव बिशारतगंज इलाके में रेलवे ट्रैक के किराने पेड़ से लटका मिला। रेलकर्मी ने गश्त के दौरान रामगंगा रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के पास पेड़ से शव लटका देख सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल पर मिले अजयवीर के बैग से उसकी शिनाख्त करने के बाद परिजन को सूचना दी। पुलिस मामले को आत्महत्या बता रहे हैं। वहीं परिजन किसी भी विवाद से इनकार किया है।
बहेड़ी के गांव आकलाबाद में रहने वाले मोहन स्वरूप का 25 वर्षीय बेटे अजयवीर ने आगरा की डॉ. बीआर आंबेडकर यूनिवर्सिटी से बीएससी एग्रीकल्चर किया था। पिता मोहन स्वरूप के मुताबिक सोमवार शाम अजयवीर बीएससी की डिग्री लेने आगरा जाने की बात कहकर निकला था। बुधवार रात साढ़े नौ बजे उनकी मोबाइल पर अजयवीर से बात हुई थी। अजयवीर ने बताया था कि वह आगरा में है और ट्रेन से घर लौट रहा है।
बृहस्पतिवार सुबह रेलवे के कीमैन ने गश्त के दौरान शव पेड़ से लटका देख रामगंगा घाट किनारे मंदिर के महंत मोनी बाबा को बताया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार प्रधान फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट की टीम को मौके पर बुलाकर पड़ताल कराई। पुलिस ने शव पेड़ से उतरवाया। जिस स्थान पर शव लटका था। उसके पास ही बैग रखा मिला। पुलिस ने बैग से मिले मोबाइल से मृतक के परिजन को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया प्रथम दृष्टा मामला आत्महत्या का लग रहा है। मृतक दो भाई है। वह बड़ा था।
रविवार को ही तय हुई थी शादी
अजय के पिता मोहन स्वरूप ने बताया कि रविवार को ही भोजीपुरा के गांव वीरपुर में रहने वाली युवती से उनके बेटे की शादी तय हुई थी। वे लोग शादी का मुहूर्त निकलवाने की तैयारी कर रहे थे लेकिन इस बीच यह हादसा हो गया।