बहेडी/देवरनियां। देवरनियां रेलवे स्टेशन में कार्यरत एक सफाई कर्मचारी का उसके घर के कमरे में शव फंदे पर लटकता मिला। सूचना के बाद पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने मंगलवार को पहुंचकर जांच-पड़ताल की है। वहीं, दूसरी ओर लोगों ने बताया कि रेलकर्मी अपनी बीमारी को लेकर परेशान था। इसलिए उसने आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार, देवरनियां के कस्बा रिछा निवासी हंसाराम (52) देवरनियां रेलवे स्टेशन पर 2013 से सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात थे। वह यहां रेलवे के सरकारी भवन में अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके चार बेटियों में एक बेटी की शादी हो चुकी है। दो बेटों के अलावा उनकी पत्नी हैं।
हंसाराम अपने सरकारी भवन से मिले कमरे में सोते थे। परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में सोते थे। मंगलवार सुबह हंसाराम की पत्नी जब कमरे में गई तो हंसाराम का शव फंदे पर लटका मिला। उनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पडताल की। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजा है।
लोगों में तरह-तरह की चर्चा
कुछ लोग बताते हैं कि हंसाराम करीब तीन माह से बीमारी से पीड़ित थे और इसी से तंग आकर उन्होंने आत्महत्या की। कुछ लोग कर्ज में होने की बात भी कह रहे हैं।
इंस्पेक्टर आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि मामला आत्महत्या का लग रहा है। बाकी पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का कारण स्पष्ट हो
सकेगा। संवाद