भमोरा। घर से दोस्त के साथ बाइक से बाजार गए युवक की बल्लिया से देवचरा आते समय सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने डीसीएम को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव रुद्रपुर निवासी 16 वर्षीय मोहित पुत्र स्व. शिव ओम अपने दोस्त सत्येंद्र पुत्र अजब सिंह की बाइक पर पीछे बैठकर घर से बल्लिया बाजार में गए थे। बल्लिया से देवचरा आते समय तख्तपुर मोड़ पर सामने से आ रही डीसीएम ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें पीछे बैठे मोहित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और सत्येंद्र गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर घायल को अस्पताल के लिए भेज दिया है।
माता-पिता की हो चुकी है मौत
ग्रामीणों ने बताया कि मोहित के माता-पिता की वर्षों पहले मृत्यु हो चुकी है। बड़े भाई 19 वर्षीय पितपाल, जो अविवाहित है। उसके साथ रहकर खेती का कार्य करता था। मोहित की मौत से परिवार में रोना-पीटना मच गया है। संवाद