बरेली। सप्ताह में अप-डाउन एक-एक बार चलने वाली 14320-21 बरेली-इंदौर एक्सप्रेस में बरेली से उज्जैन के लिए सितंबर मध्य तक किसी भी श्रेणी में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं। बरेली से चंदौसी, अलीगढ़, आगरा, ग्वालियर, झांसी, उज्जैन होते हुए इंदौर के बीच चलने वाली इस गाड़ी में सावन के दौरान उज्जैन के टिकटों की मांग बढ़ गई है। इनमें ज्यादा संख्या महाकाल के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं की है।
बरेली जंक्शन से प्रत्येक बुधवार को चलने वाली 14320 बरेली-उज्जैन एक्सप्रेस के स्लीपर, एसी तृतीय और एसी द्वितीय श्रेणियों में 16 सितंबर तक वेटिंग है। वापसी में प्रत्येक बृहस्पतिवार को इंदौर से चलने वाली 14319 इंदौर-बरेली एक्सप्रेस में 13 से 27 अगस्त तक कन्फर्म टिकट नहीं हैं। इसकी सभी श्रेणियों में वेटिंग है। बरेली जंक्शन के यार्ड में ब्लॉक के कारण यह गाड़ी एक माह तक निरस्त थी। ब्लॉक खत्म होने के बाद पांच और छह अगस्त से इसका नियमित संचालन शुरू हुआ है।