शहर के लोग करेंगे जायरीन की मेहमान नवाजी
आला हजरत के उर्स में शामिल होने के लिए जायरीन की आमद जारी है। शनिवार से भीड़ बढ़ने लगी है। शहर के लोग भी मेजबान बन कर जायरीन की मेहमान नवाजी में लग जाएंगे। इधर, सैयद आसिफ मियां और उर्स प्रभारी राशिद अली खान की निगरानी में उर्स की तैयारियां चल रही हैं।
दरगाह प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खां (सुब्हानी मियां) व सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा खां ने टीटीएस के रजाकारों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें कहा कि बाहर से आने वाले जायरीन को किसी तरह की कोई दिक्कत न आए। इस दौरान नासिर कुरैशी, मौलाना, जाहिद रजा, शान रजा, मुजाहिद रजा, आलेनबी, इशरत नूरी, नईम नूरी, गौहर खान, साजिद नूरी, तारिक सईद आदि रजाकार मौजूद रहे।
आरएसी के मुख्यालय पर लगेगा लंगर
ऑल इंडिया रजा एक्शन कमेटी के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष नबीरे आला हजरत मौलाना अब्दुल्ला रजा कादरी ने आला हजरत के उर्स में आने वाले जायरीन के लिए कार्यकर्ताओं को खास ताकीद की है।
उन्होंने कहा है कि बाहर से आने वाले आला हजरत के मेहमानों को किसी तरह की परेशानी न हो। मौलाना अब्दुल्ला मियां ने उर्स के मौके पर सभी स्कूलों में अवकाश घोषित करने, शराब की दुकाने बंद कराने और सुरक्षा व्यवस्था के माकूल इंतजाम करने का प्रशासन से अनुरोध किया है।
उन्होंने बताया कि आरएसी की ओर से उर्स की व्यवस्था में एक हजार से अधिक वालेंटियर्स जायरीन की खिदमत में लगाए गए हैं। वहीं, कमेटी की ओर से संस्था के मुख्यालय पर जायरीन के लिए लंगर का भी इंतजाम रहेगा।