मीरगंज, आंवला के कोरोना संक्रमित युवकों के साथ 38 अन्य प्रवासी मुंबई से आए
विज्ञापन
ट्रक में सवार 40 प्रवासियों में से 14 बदायूं और 26 आए बरेली, दो मिले संक्रमित
बरेली। मीरगंज और आंवला के दोनों कोरोना संक्रमित युवकों की कांटैक्ट ट्रेसिंग के दौरान शुक्रवार की देर शाम स्वास्थ्य विभाग की सर्विलांस टीम को जो बात पता चली उससे होश उड़ गए। पता चला है कि दोनों संक्रमितों के साथ मुंबई से 40 लोग एक ट्रक में सवार होकर बदायूं और बरेली आए हैं। हालांकि पूछताछ में यह पता नहीं चल सका है कि युवकों के साथ वापस आए लोगों में कौन कहां का रहने वाला है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना संक्रमित युवकों के साथ मुंबई से वापस आए सभी लोगों को तीन सौ बेड अस्पताल पहुंचकर जांच कराने की अपील की गई है।
जानकारी के मुताबिक मीरगंज और आंवला के दोनों कोरोना संक्रमित मुंबई से बदायूं आ रहे एक ट्रक में सवार होकर बरेली आए। ट्रक में दोनों युवकों समेेत कुल 40 लोग सवार थे। मुंबई से वापस आते समय उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करने के बाद ट्रक को बदायूं फर्रुखाबाद मार्ग पर पुलिस ने बैरियर लगाकर रोक लिया था। यहां पर पुलिस ने ट्रक में सवार सभी लोगों की गिनती की, नाम नोट किए और ट्रक को आगे रवाना कर दिया। इसके बाद बदायूं मार्ग पर नवादा पर पुलिस ने ट्रक को फिर रोक लिया। ट्रक में सवार 40 लोगों में से 14 लोग बदायूं के रहने वाले थे, जो अपने-अपने घर चले गए। शेष 26 लोगों को पुलिस ने बरेली आ रहे एक ट्रक में बिठाकर रवाना कर दिया। इसमें से यह दोनों युवक घर आने के बाद सीएचसी पहुंचे और जांच कराई। दोनों पॉजिटिव मिले और उन्हें आइसोलेट कर दिया गया है। मगर, इनके अलावा मुंबई से इनके साथ ट्रक में बैठकर आने वाले 24 लोगों का पता नहीं चल सका है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग समेत प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि अगर इन लोगों को पकड़ा नहीं जा सका तो बड़े पैमाने पर संक्रमण फैल सकता है।