फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गांधीनगर में सराफ के घर सरेशाम डकैती

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। प्रेमनगर की गांधीपुरम कॉलोनी में सराफ के घर घुसे छह हथियारबंद बदमाशों ने लाखों के जेवरात और नकदी लूट ली। लूटपाट के दौरान ही पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार ने बदमाशों को देखकर शोर मचाया तो वे भाग निकले। इस वारदात के इलाके में दहशत का माहौल है।
विज्ञापन

गांधीपुरम कॉलोनी के फेस दो में रहने वाले मनोज गुप्ता और उनके बेटे आशु की शेरगढ़ में सराफा की दुकान है। सोमवार को घर का वाई फाई खराब हुआ तो दोपहर के वक्त आशु ने उसे सही कराने के लिए सर्विस प्रोवाइडर को फोन किया लेकिन कोई भी नहीं पहुंचा। शाम करीब साढ़े सात बजे मां आदेश के कहने पर आशु ने दोबारा सर्विस प्रोवाइडर को फोन किया तो उसने अगले दिन आने की बात कही। रात करीब आठ बजे घर पहुंचे तीन युवकों ने आशु का नाम लेते हुए बताया कि वे वाई फाई सही करने आए हैं। आशु के 11 वर्षीय छोटे भाई सूर्यांश ने दरवाजा खोलकर उन्हें अंदर बुला लिया।
इसी बीच आशु ने मां को यह बताने के लिए फोन किया कि वाई फाई मंगलवार को सही होगा जिस पर उन्होंने बताया कि वाई फाई सही करने वाले आ गए। इस बीच तीनों बदमाश घर में वाई फाई देखने लगे। एक बदमाश के पानी मांगने पर आदेश किचन में गईं और दो बदमाशों ने वहीं तमंचों के जोर पर उन्हें कब्जे में ले लिया। एक बदमाश ने दरवाजा खोलकर अपने तीन और साथियों को अंदर बुला लिया। इसके बाद बदमाशों ने आशु की बहन सिमरन और भाई सूर्यांश को भी कब्जे में ले लिया और लूटपाट शुरू कर दी।
विज्ञापन

बेटे का गला दबाकर उतरवाए जेवर
आदेश ने बताया कि बदमाशों ने मुंह पर मुक्का मारकर उनका एक दांत तोड़ दिया और बेटे सूर्यांश की गर्दन दबाकर गोली मारने की धमकी देकर उनकी चेन, टॉप्स, दो कंगन, दो अंगूठी, मोबाइल और दो पर्स में रखे करीब 40 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद अलमारी की चाबी देने के लिए धमकाने लगे।
आशू की सतर्कता से टली बड़ी वारदात
आशु को जब उनकी मां ने बताया कि वाई फाई सही करने वाले आ गए हैं तो शक होने पर उन्होंने सर्विस प्रोवाइडर को फोन किया। वहां से जब यह जवाब मिला कि उन्होंने किसी को नहीं भेजा है तो आशु ने अपनी मां को फोन किया, तब तक बदमाश उनका फोन छीन चुके थे। इसके बाद आशु ने पड़ोस में रहने वाली अपनी फुफेरी बहन आशी को फोन करके घर जाने को कहा। आशी ने वहां पहुंचकर दरवाजा खटखटाया तो बदमाशों ने सूर्यांश को पूरे परिवार की हत्या की धमकी देकर दरवाजे पर भेजकर कहलवा दिया कि घर में कोई नहीं है। इसी बीच आशी ने दरवाजे की दराज से एक बदमाश को देखकर शोर मचा दिया। इसके बाद बदमाश गली में निकलकर भाग निकले।
दस्ताने पहनकर वारदात पर सीसीटीवी में हुए कैद
घटना की सूचना पर एसपी सिटी रविंद्र कुमार, सीओ दिलीप सिंह और इंस्पेक्टर प्रेमनगर अवनीश यादव समेत तमाम फोर्स मौके पर पहुंचा। सीसीटीवी खंगाले गए तो एक सीसीटीवी में दो और दूसरे में तीन बदमाश पैदल जाते नजर आए। इनमें से एक बदमाश सर्जिकल दस्ताने उतारकर फेंकता दिख रहा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि शातिर बदमाश फिंगर प्रिंट के जरिए पहचान से बचने के लिए दस्ताने पहने थे।
पड़ोस में रिटायर्ड दरोगा को धमकाया
तीन बदमाश अंदर घुसने के बाद तीन बाहर खड़े थे। उन्हें देखकर पड़ोस के रिटायर्ड दरोगा क्षेत्रपाल सिंह ने कारण पूछा तो वे उनसे लड़ने को तैयार हो गए। फिर कहा कि आशु और मनोज गुप्ता पर उनके 80 हजार रुपये उधार हैं, वही लेने आए हैं।
एक दिन पहले भी की थी कोशिश
आदेश गुप्ता ने बताया कि रविवार दोपहर भी दो अपरिचित उनके दरवाजे पर आए। दोनों ने उनके पति और बेटे का नाम लेते हुए दरवाजा खोलने को कहा लेकिन उन्होंने दरवाजा नहीं खोला तो वे चले गए। उन्होंने कहा कि बदमाश पहले ही उनके घर की रेकी कर चुके थे, तभी उनके पति और बेटे सबका नाम पता था।
घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। खुलासे के लिए प्रेमनगर पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया है। सीसीटीवी फुटेज से भी बदमाशों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें