कमरे से बाहर जाने पर लगाई रोक
वीडियो कॉल से निगरानी कर रहे ठगों ने महिला डॉक्टर के कमरे से बाहर जाने पर रोक लगा दी। कहा कि जांच में सहयोग कीजिए। दूसरे कमरे से निकले पति ने घर से बाहर जाने और गेट बंद करने के लिए कहा तो उनको दिए जवाब पर भी ठगों ने आपत्ति जताई। कहा कि आपका नंबर दो घंटे में बंद हो जाएगा और ईडी व सीबीआई आपको गिरफ्तार कर लेगी।
बदला मोबाइल नंबर बताया तो समझीं खेल
महिला डॉक्टर ने आईजी को बताया कि वह काफी घबरा गई थीं। ठग उनसे उनके खातों व उनके मोबाइल नंबरों की जानकारी मांग रहे थे। इसी दौरान उनका काफी पहले बंद हो चुका एक मोबाइल नंबर भी बार बार बताया जा रहा था।
ठगों ने इसी नंबर को जब दो बार में अलग-अलग बताया तो उन्हें लगा कि यह उन्हें फंसाने की साजिश है। तब उन्होंने कॉल काटकर अपना मोबाइल फोन ही ऑफ कर दिया। जानकारी परिजनों को दी और फिर आईजी दफ्तर चली आईं। आईजी के निर्देश पर साइबर थाने की एसआई शालू यादव ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मेडिकल छात्रा से ठगी के तार महाराष्ट्र से जुड़े
कुछ दिनों पहले भोजीपुरा के मेडिकल कॉलेज की छात्रा को दो दिन तक उसके कमरे में इसी तरह डिजिटल अरेस्ट किया गया था। ठगों ने उसके खातों से करीब साढ़े आठ लाख की ठगी कर ली थी। इस मामले में भी साइबर थाना पुलिस विवेचना कर रही है। पता लगा है कि ठगों के तार महाराष्ट्र से जुड़े हैं। चुनाव के बाद टीम वहां जाकर धरपकड़ करेगी।