बरेली में साइबर ठगों ने ट्रैक्टर बेचने के नाम पर एक युवक से हजारों रुपये की ठगी कर ली। ठगी का पता चलने पर युवक ने जब रुकम वापस मांगी तो साइबर ठग ने ऊपर तक पहुंच बताकर उसे धमकाया।
बरेली में साइबर ठगों ने कैंट थाना क्षेत्र के युवक से ट्रैक्टर बेचने के नाम पर हजारों रुपये की ठगी कर ली। युवक ने रुपये वापस करने के लिए कहा तो आरोपियों ने उसे प्रधानमंत्री के साथ वाली फोटो भेजकर ऊंची पहुंच का हवाला दिया और हड़काया। एसएसपी के आदेश पर कैंट थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
विज्ञापन
गांव क्यारा के सुमित ने ऑनलाइन विज्ञापन देखकर ट्रैक्टर खरीदने के लिए दिए गए नंबर पर संपर्क किया था। खुद को सीआईएसएफ का दरोगा बताकर ट्रैक्टर मालिक ने एक उच्च अधिकारी का नंबर देकर बात करने के लिए कहा। बात करने पर संजय शर्मा नाम के ठग ने ट्रैक्टर डिलीवरी करने के नाम पर 42 हजार 500 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद संजय ने बात करना बंद कर दिया।
सुमित ने रुपये लौटाने का दबाव बनाया तो संजय शर्मा ने प्रधानमंत्री तक पहुंच होने की बात कही और अपना एक फोटो भेजा। इसमें प्रधानमंत्री के साथ एक युवक खड़ा था, उसने सुमित को बताया कि यह मैं ही हूं। इस फोटो के बहाने अपने उच्चस्तरीय संबंध बताकर सुमित को हड़काने की कोशिश की। इसके बाद सुमित ने एसएसपी से शिकायत की।