फेसबुक पर दोस्ती, ट्रेडिंग लिंक भेजकर पांच लाख की ठगी
बहेड़ी के मोहल्ला जाजूनगर निवासी दिलीप कुमार से फेसबुक पर एक युवती ने दोस्ती करके पांच लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। दिलीप कुमार ने साइबर थाने के इंस्पेक्टर नीरज सिंह को बताया कि युवती ने पहले फेसबुक पर उनसे दोस्ती की। कुछ दिनों तक सामान्य चैट के बाद युवती ने उन्हें ज्यादा लाभ का झांसा देकर निवेश करने के लिए प्रेरित किया। दिलीप ने अनभिज्ञता जताई, लेकिन युवती ने इसे पूरी तरह कानूनी और सुरक्षित बताकर भरोसे में ले लिया। 21 से 25 सितंबर के बीच उन्होंने आठ ट्रांजेक्शन के जरिये पांच लाख रुपये भेज दिए। उन्हें ऑनलाइन इसकी रसीद भी मिली।
निवेश के बाद किसी तरह का मुनाफा नहीं मिलने पर उन्होंने दोबारा युवती से संपर्क करना चाहा तो कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। अभी तक किसी आरोपी का कोई पता नहीं चल सका है, न ही रकम वापस मिली। दिलीप कुमार ने पत्र के साथ बैंक स्टेटमेंट और ट्रांजेक्शन के विवरण संलग्न किए हैं। इंस्पेक्टर नीरज सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।