बरेली। प्रयागराज महाकुंभ में 50 दिन सेवाएं देने वाले रोडवेज के संविदा और आउट सोर्सिंग चालकों-परिचालकों की प्रोत्साहन राशि में कटौती कर दी गई। इसका रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने विरोध किया है। महामंत्री गिरीश चंद्र मिश्रा ने रोडवेज के एमडी को पत्र लिखकर पूरी प्रोत्साहन राशि के भुगतान की मांग की है।
महाकुंभ में यहां से 580 बसों को भेजा गया था। उन बसों के साथ 1500 से ज्यादा चालक-परिचालकों गए थे। इन चालकों-परिचालकों को 22 दिन में पांच हजार किलोमीटर चलने पर तीन हजार और 24 दिन में छह हजार किलोमीटर चलने पर वेतन के अतिरिक्त सात हजार प्रोत्साहन राशि मिलनी थी। महाकुंभ में प्रतिदिन 245 किमी के आधार पर पारिश्रमिक भुगतान तय किया गया था। लेकिन महाकुंभ में भेजी गईं बसों का लोड फैक्टर 50 फीसदी से कम रहा है। इसलिए चालकों-परिचालकों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि से एक तिहाई की कटौती कर दी गई है। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री गिरीश मिश्रा ने एमडी को पत्र लिखा है कि लोड फैक्टर कम होने में चालकों-परिचालकों की कोई गलती नहीं है। उनको पूरी प्रोत्साहन राशि का भुगतान न होने पर आंदोलन किया जाएगा। संवाद