स्त्री के विविध स्वरूपों की पेंटिंग बनी आकर्षण का केंद्र
बरेली। ‘शक्ति का केंद्र, ऊर्जा और प्रकृति की सबसे खूबसूरत कृति होने के बाद भी नारी उत्पीड़न का शिकार है। आधी आबादी का आधा भाग तंगहाली में जीवन गुजार रहा है तो वहीं, मानसिक तनावों से वह तमाम बीमारियों से भी ग्रसित है।’ यह बातें लखनऊ से आए चित्रकार हरिमोहन ने कहीं। उन्होंने कहा, स्त्री सृजन और विध्वंस का स्वरूप है।
सोमवार को युणवीणा की यामिनी आर्ट गैलरी में लगी चित्रकला प्रदर्शनी के दूसरे दिन तमाम कलाप्रेमी देश के विभिन्न राज्यों के चित्रकारों की पेटिंग को देखने पहुंचे थे। इसमें लखनऊ के चित्रकार हरिमोहन की पेंटिंग ‘इमेजिनेशन’ आकर्षण का केंद्र बनी रही। लोगों ने उनसे पेंटिंग के बारे में जानकारी मांगी। जिसका जवाब उन्होंने दिया। इस दौरान बरेली कॉलेज की ललितकला विभाग की अध्यक्ष डॉ. मंजू सिंह मुख्य अतिथि रहीं। उन्होंने संयोजक उमेश गंगवार के साथ प्रदर्शनी का समापन किया। ब्यूरो