विंडरमेयर में प्रस्तुति देते कलाकार।
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
भाजपा बृज क्षेत्र के संगठन मंत्री भवानी सिंह और शायर वसीम बरेलवी ने किया उद्घाटन
बरेली। विंडरमेयर में रविवार को थिएटर फेस्ट का शानदार आगाज हो गया। छह नाटकों की श्रंखला के आठ दिवसीय ‘म्युजिकल ड्रामा फेस्टिवल’ का शुभारंभ भाजपा ब्रज क्षेत्र के संगठन मंत्री भवानी सिंह और प्रसिद्ध शायर प्रोफेसर वसीम बरेलवी (एमएलसी), साहित्यकार सुधीर विद्यार्थी, फिल्म निर्देशक अनवर जमाल, आयकर आयुक्त शिशिर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
दया दृष्टि चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित थिएटर फेस्ट के पहले दिन रंग विनायक रंग मंडल ने ‘मिस गुलाब जान’ नाटक का शानदार मंचन किया गया। नौटंकी शैली पर आधारित इस संगीतमय नाटक का प्रस्तुतिकरण दर्शकों पर छाप छोड़ गया। दीप्ति मेहरोत्रा लिखित इस नाटक का निर्देशन रंधीर कुमार ने किया है। मंचन से पहले सभी अतिथियों को बुके देकर अभिनंदन किया गया। ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. ब्रजेश्वर सिंह ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए बताया कि बरेली के नाट्य प्रेमी ‘मिस गुलाब जान’ नाटक का दो दिन और आनंद ले सकेंगे। संचालन आशीष जॉन ने किया। इस दौरान संवाद न्यूज के निदेशक प्रभात सिंह, डॉ. गरिमा सिंह, डॉ. शालिनी अरोरा, चरण कमल जीत सिंह, संजीव अग्रवाल, भुवनेश सिंह, नवीन कालरा आदि मौजूद रहे।