बरेली। संजय कम्युनिटी हाल दिल्ली की शून्य नाट्य संस्था की ओर से ‘इजाडोरा डंकन’ माई लाइफ का शानदार मंचन किया गया। जो यूरोप की मशहूर डांसर इजाडोरा डंकन की आत्मकथा पर आधारित है। इसमें उनकी जिंदगी के उतार चढ़ाव, पारिवारिक जीवन, और संघर्ष की कहानी है।
इस आत्म कथा का दिल्ली की प्रसिद्ध रंगकर्मी डा. रमा यादव ने नाट्य रुपातंरण कर बरेली में पहला मंचन किया। रंगकर्मी मंयक गुप्ता के निर्देशन में इसे मंच पर उतारा गया। इसमें स्वयं डा. रमा यादव ने इजाडोरा के पात्र को जीते हुए मंच पर शानदार प्रस्तुति दी। नाटक की कहानी में जिस तरह से संघर्ष के साथ इजाडोरा का चरित्र उभरता है उसमें यही सार नजर आता है कि वह जिंदगी की तमाम जद्दोजहद से जूझते हुए वह खुद को अपनी कला के लिए सर्पित कर देती है तब वह अध्यात्म को पा लेती है, और आत्मा में सिर्फ एक शक्ति का वास हो जाता है। जिसे वह अपने चरित्र के माध्यम से दुनिया के सामने अभिव्यक्त करती है।
इस शो का आयोजन कल्चरल एसोसिएशन और जिला समारोह समिति की ओर किया गया। इसमें मुख्य अतिथि जिलाधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह उनकी पत्नी नीता सिंह, अपर आयुक्त अरुण कुमार, पार्षद राजेश अग्र्रवाल अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। संस्था अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक जेसी पालीवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन डा. सैयद सिराज अली ने किया।