बरेली। देश की प्रथम फिल्म ‘सत्यवादी हरिश्चंद्र’ के निर्माता निर्देशक दादा साहब फाल्के के जीवन पर आधारित फिल्म शनिवार को विंडरमेयर में प्रदर्शित की गई। नवगठित संस्था बरेली फिल्म क्लब की ओर से दिखाई गई फिल्म ‘हरीश चंद्राची फैक्ट्री’ शायद बहुत कम ही लोगों ने देखी होगी। बरेली के दर्शकों के लिए तो निश्चित ही इस फिल्म को देख पाना अनूठा अनुभव रहा, जिसकी दर्शकों ने मुक्तकंठ से सराहना भी हुई। 96 मिनट की इस फिल्म का लेखन एवं निर्देशन परेश मोकाशी ने किया है।
फिल्म के शो का उद्घाटन डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने किया। पूर्व में संवाद न्यूज के निदेशक प्रभात सिंह ने फिल्म के संबंध में परिचय कराया। बताया, आज दादा साहब फाल्के के नाम से फिल्म अवार्ड भी दिया जाता है जो सबसे सम्मानित माना जाता है। दया दृष्टि के चेयरमैन डॉ. ब्रजेश्वर सिंह ने भारतीय फिल्म के सफर की जानकारी दी। फिल्म के प्रदर्शन के बाद परिचर्चा भी हुई। इसमें सिद्धि विनायक ग्रुप के चेयरमैन अनुपम कपूर, डॉ. गरिमा सिंह, डॉ. शालिनी अरोरा समेत तमाम दर्शक भी शामिल हुए। इस आयोजन में नवीन कालरा, लव तोमर, दानिश खान, अस्मिता सिंह आदि का सहयोग रहा।