बरेली। संजय कम्युनिटी हाल में चल रहे मुंशी प्रेमचंद स्मृति नाट्य समारोह का शुक्रवार को समापन हो गया। मुंशी प्रेमचंद की कहानियों पर आधारित नाटकों को समेटे दस दिनों तक चले समारोह के अंतिम दिन नाटक ‘राम लीला’ का मंचन हुआ।
प्रेमचंद की कहानी पर आधारित नाटक ‘राम लीला’ रत्नाकर आर्ट प्रोडक्शन के बैनर तले प्रस्तुत किया गया। राजेश रत्नाकर के निर्देशन, रूपांतरण में मंचित इस नाटक के लेखक राहुल गुप्ता रहे। यह नाटक हमारे समाज की कुरीति पर करारा प्रहार करता है, जिसमें सदियों से भूमि और धन का अधिकार केवल बाहुबलियों के पास है। साथ ही नाटक के पात्रों ने रामलीला के कलाकारों की दशा को भी उजागर किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि वरिष्ठ लघु कथा लेखक सुकेश साहनी ने मुंशी प्रेमचंद की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। इससे पहले डीएम बरेली वीरेंद्र कुमार सिंह और उनकी पत्नी नीता सिंह ने मुंशी प्रेमचंद की पुस्तकों की प्रदर्शनी का अवलोकन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। संयोजक कुलभूषण शर्मा ने बताया कि पिछले वर्ष हुए इस समारोह की लोकप्रियता लगातार बढ़ी है। सह संयोजक सम्युन खान ने सभी कलाकारों की मेहनत की सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य संरक्षक डीएम बरेली वीरेंद्र कुमार सिंह, संयोजक कुलभूषण शर्मा ने उप संयोजक , डायरेक्टर, निर्देशक और कार्यक्रम के समस्त पदाधिकारीगण को पुरस्कार देकर एवं माला पहनाकर स्वागत किया। मीडिया प्रभारी गौरव वर्मा ने धन्यवाद दिया।