बरेली। छुट्टी न देने के चलते बिजली विभाग के एक्सईएन मुकेश कुमार तमंचा तानने वाले बाबू पुष्पेंद्र कुमार को कोतवाली पुलिस ने शांतिभंग में चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई। वहीं, बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर संजय जैन ने बाबू को सस्पेंड कर दिया है।
विद्युत नगरीय वितरण खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता मुकेश कुमार के मुताबिक उनके कार्यालय में तैनात शिविर सहायक पुष्पेंद्र कुमार बुधवार दोपहर करीब दो बजे शराब के नशे में छुट्टी स्वीकृत कराने पहुंचा। उन्होंने पुरानी छुट्टी स्वीकृत करने से मना किया तो वह धमकाने लगा और उन पर तमंचा तान दिया। काफी देर तक गालीगलौज के बाद पुष्पेंद्र चला गया तो उन्होंने कोतवाली पुलिस को फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पुष्पेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में मुकेश कुमार की ओर से उसके खिलाफ गालीगलौज और धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। बृहस्पतिवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जमानत मिल गई।