बरेली। छह माह से घरेलू गैस बिल न पहुंचने से परेशान उपभोक्ता को अब राहत मिल गई है। बदायूं रोड की कई कॉलोनियों में सीयूजीएल की ओर से बिल भेजने की शुरुआत हो गई।
सीयूजीएल की ओर से बदायूं रोड पर तिरुपति धाम, दुर्गा चौक समेत अन्य कॉलोनी में आठ माह पहले गैस की पाइपलाइन डालने का काम किया गया था। पाइनलाइन पड़ने के बाद गैस के कनेक्शन भी हो गए। उपभोक्ता द्वारा छह माह से गैस का इस्तेमाल तो किया गया, लेकिन सीयूजीएल की ओर से उपभोक्ता को बिल जारी नहीं किया गया। परेशान उपभोक्ता ने कई बार मामले की शिकायत विभाग के दफ्तर पर जाकर की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अमर उजाला ने 11 जून के अंक में उपभोक्ता की समस्या के प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया। जिसके बाद कंपनी की ओर से कॉलाेनी में जाकर उपभाेक्ता के बिल बनाए गए। तिरुपति धाम कॉलोनी में घरेलू गैस के करीब 60 से अधिक कनेक्शन है जिनके बिल पहुंचना शुरू हो गया है, जिससे लोगों की परेशानियों कम हुई है। संवाद
-
ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यम से जमा होंगे बिल
सीयूजीएल के क्षेत्रीय अधिकारी अभिषेक रेहेल ने बताया कि गैस का बिल ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यम से जमा कर सकते है। दरअसल कुछ लोगों ने कॉलोनी में अफवाह फैला दी कि गैस का पहला बिल एक निजी बैंक में जमा करना होगा। जिससे लोग परेशान हो गए। लेकिन कंपनी के अधिकारियों ने स्पष्ट किया की गैस का बिल दोनों माध्यम से जमा किया जा सकता है। अगर किसी उपभोक्ता के बिल में कोई गड़बड़ी हो तो वह कार्यालय आकर सही करा सकता हैं।