बृहस्पतिवार को सीओ बीसलपुर ने मामले का पर्दाफाश किया। उन्होंने बताया कि बीसलपुर के गांव मीरपुर वाहनपुर निवासी मुदस्सिर हुसैन की ओर से 21 जनवरी को कोतवाली में अपने भाई मुजम्मिल (25) की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 20 जनवरी को मुजम्मिल कार में बैठकर घर से गया था। इसके बाद लौटकर नहीं आया।
ये भी पढ़ें- प्रधानमंत्री आवास योजना: एप पर पक्की दीवार या टिन शेड दिखने पर निरस्त होगा आवास, कराया जा रहा सर्वे
जांच के दौरान पुलिस ने बीसलपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक को पकड़ा। सख्ती से पूछताछ करने पर वह टूट गया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बुधवार को बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव बरकापुर नहर के किनारे से मुजम्मिल का शव बरामद किया था। उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। गला काटा गया था। गुमशुदगी के मुकदमे को हत्या में तरमीम कर आरोपी से पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
गले की नस काटकर हत्या, शव से की बर्बरता
आरोपी ने बताया कि उसने गांव निवासी गुड्डू के साथ मिलकर मुजम्मिल को मारने की साजिश रची। मुजम्मिल के साथ कार से दोनों बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में गए। वहां सुनसान जगह देखकर गले की नस काटकर मुजम्मिल की हत्या कर दी। फिर उसका गुप्तांग भी कुचल दिया। आरोपियों की निशानदेही पर गमछा, ब्लेड और कार आदि बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।